कोटा में सनसनी: स्वर्ण व्यापारी के कारखाने से सवा करोड़ का सोना चोरी, नया कारीगर निकला आरोपी
कोटा: शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में सोने-चांदी के कारोबार से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्वर्ण आभूषण व्यापारी के कारखाने से करीब सवा करोड़ रुपये मूल्य का सोना चोरी हो गया। हैरानी की बात यह है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि हाल ही में काम पर रखे गए एक कारीगर ने ही अंजाम दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी कपिल सोनी महावीर नगर सेकंड क्षेत्र में आभूषण निर्माण का कारखाना संचालित करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही एक नया कारीगर काम पर रखा गया था, जिसने मौका पाकर कारखाने की चाबी चुरा ली और तिजोरी में रखा सोना लेकर फरार हो गया।
761 ग्राम सोना लेकर हुआ फरार
पीड़ित कपिल सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरी हुए सोने का वजन करीब 761 ग्राम है, जिसमें सोने की बट्टियां और तैयार जेवरात शामिल हैं। मौजूदा बाजार भाव के अनुसार इसकी कीमत लगभग सवा करोड़ रुपये आंकी गई है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
चोरी की पूरी वारदात कारखाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मामले में महावीर नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कारीगर का नाम इमरान बताया जा रहा है, हालांकि यह नाम फर्जी भी हो सकता है। नए कारीगर का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाया गया था, जो जांच का एक अहम बिंदु है।
फिलहाल पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की घटना में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है
