कोटा में पुलिस से बचने के लिए चंबल नदी में कूदे दो तस्कर, 100 फीट ऊंचे पुल से गिरकर मौत

 कोटा में पुलिस से बचने के लिए चंबल नदी में कूदे दो तस्कर, 100 फीट ऊंचे पुल से गिरकर मौत

नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे थे आरोपी, रास्ते में फेंके डोडा चूरा से भरे 9 कट्टे; पुलिस खंगाल रही तस्करी का पूरा नेटवर्क

कोटा, राजस्थान | 

कोटा जिले में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पुलिस से बचकर भाग रहे दो तस्करों ने गिरफ्तारी के डर से चंबल नदी पर बने पुल से छलांग लगा दी। करीब 100 फीट ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह पूरा घटनाक्रम कोटा ग्रामीण के बुड़ादित थाना क्षेत्र के मंडावरा गांव में मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ।नाकाबंदी तोड़कर तेज रफ्तार में भागी कार कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस के तहत विशेष नाकाबंदी की जा रही थी।

इसी दौरान सिमलिया थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार चालक ने नाकाबंदी तोड़ दी और तेज रफ्तार से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर भागने लगा।


पुलिस ने कार का पीछा शुरू किया। पीछा किए जाने की भनक लगते ही आरोपियों ने रास्ते में डोडा चूरा से भरे 9 कट्टे (करीब 117 किलो) सड़क किनारे फेंक दिए।

चंबल पुल के पास मिली कार, दोनों ने लगाई छलांग पुलिस पीछा करते हुए मंडावरा गांव के पास चंबल नदी पुल तक पहुंची, जहां संदिग्ध कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस के मुताबिक कार में पंजाब के संगरूर निवासी राज सिंह और बारां जिले के चैन सिंह लोधा सवार थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने चंबल नदी पुल से छलांग लगा दी।जिस जगह दोनों गिरे, वहां नदी में पानी कम था और नीचे पथरीली जमीन थी। ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

FSL टीम ने जुटाए सबूत, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा, डीएसपी ओमप्रकाश, FSL और MOB टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को सुल्तानपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। वहीं पुलिस अब बरामद 117 किलो डोडा चूरा के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


कोटा न्यूज, Kota News Today, चंबल नदी हादसा, कोटा ग्रामीण पुलिस, डोडा चूरा तस्करी, राजस्थान क्राइम न्यूज, बुड़ादित थाना, दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे, बारां न्यूज, Hadoti Halchal

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने